एनटीपीसी विंध्याचल में मुख्यमंत्री सीखो कमाओ योजना के तहत वार्षिक इंटर्नशिप कार्यक्रम का शुभारंभ

सिंगरौली। एनटीपीसी विंध्याचल ने कौशल विकास एवं युवा सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए क्षेत्रीय ज्ञानार्जन संस्थान,विंध्याचल में मुख्यमंत्री सीखो कमाओ योजना (MMSKY) के अंतर्गत वार्षिक इंटर्नशिप कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मध्य प्रदेश शासन की इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत 24 प्रशिक्षुओं ने कार्यक्रम में भाग लेकर अपने व्यावसायिक सफर की शुरुआत की।
उद्घाटन सत्र के दौरान प्रशिक्षुओं का स्वागत किया गया और एक विस्तृत ओरिएंटेशन कार्यक्रम के माध्यम से उन्हें प्रशिक्षण की रूपरेखा,सीखने के अवसरों तथा उद्योग से जुड़ी आवश्यकताओं की जानकारी दी गई। यह कार्यक्रम युवाओं को व्यावहारिक अनुभव प्रदान कर उन्हें रोजगार के लिए तैयार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
इस अवसर पर डॉ.देबस्मिता त्रिपाठी,अपर महाप्रबंधक क्षेत्रीय ज्ञानार्जन संस्थान,एनटीपीसी विंध्याचल ने अपने संबोधन में कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी युग में कौशल विकास अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने भारत सरकार एवं मध्य प्रदेश सरकार के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की योजनाएं युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने में सहायक सिद्ध हो रही हैं। उन्होंने प्रशिक्षुओं को निरंतर सीखने,अपनी क्षमताओं को निखारने और इस अवसर का पूर्ण लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
प्रशिक्षुओं के ऑनबोर्डिंग में श्याम लाल,प्राचार्य शासकीय आईटीआई पचौर तथा ओम प्रकाश वैश्य, टीपीओ शासकीय आईटीआई पचौर का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
कार्यक्रम में एनटीपीसी के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति ने इस पहल की महत्ता को और भी सुदृढ़ किया। यह आयोजन युवाओं को बेहतर करियर अवसर प्रदान करने और उन्हें उद्योग के अनुरूप तैयार करने की दिशा में एनटीपीसी विंध्याचल की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने