ककरी/सोनभद्र। ककरी क्षेत्र के एकलव्य मैदान में 24 से 26 मार्च तक आयोजित तीन-दिवसीय 10वीं एनसीएल अंतर-क्षेत्रीय विद्यालयीन फुटबॉल प्रतियोगिता 2025-26’ का गुरुवार को समापन हुआ। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला बीना और निगाही के मध्य खेला गया,जिसमें निगाही की टीम 4-1 से विजयी रही,जबकि बीना क्षेत्र की टीम उपविजेता बनी।
समापन सह पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित एनसीएल के निदेशक वित्त रजनीश नारायण ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने अपने संबोधन में स्कूली छात्रों का आह्वान किया कि वे राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर फुटबॉल में उत्कृष्ट प्रदर्शन करें। साथ ही,उन्होंने छात्रों को एनसीएल के वर्तमान उत्कृष्ट खिलाड़ियों से प्रेरणा लेने हेतु भी प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि फुटबॉल केवल मनोरंजन का साधन नहीं है, बल्कि इसे एक अनुशासित जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा बनाना चाहिए।
उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं को खेल जगत में उभरते सुनहरे अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि महिलाओं को खेल के क्षेत्र में अधिक से अधिक बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए।
समापन समारोह में महाप्रबंधक ककरी क्षेत्र सुधीर कुमार झा, जेसीसी के सदस्य अजय कुमार, अशोक कुमार मिश्रा,लाल पुष्पराज सिंह,अशोक पांडे एवं सी.एम.ओ. आई के महामंत्री सर्वेश सिंह के साथ स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड के सदस्यगण की उपस्थिति रही। इस अवसर पर ककरी क्षेत्र के परियोजना अधिकारी, विभागाध्यक्ष,खेल समिति के सदस्य,मानव संसाधन विभाग के कर्मचारी,मेडिकल टीम सहित ककरी क्षेत्र के कर्मी और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
इस अंतर-क्षेत्रीय प्रतियोगिता में एनसीएल की विभिन्न विद्यालयों की कुल 11 टीमों-ब्लॉक-बी, मुख्यालय,झिंगुरदा,ककरी,बीना, खड़िया,दुधिचुआ,जयंत, सीडब्ल्यूएस,निगाही और अमलोरी के 198 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में महाप्रबंधक ककरी क्षेत्र सुधीर कुमार झा ने अतिथियों का स्वागत करते हुआ कहा कि एनसीएल की राष्ट्र की ऊर्जा आकांक्षा की पूर्ति में योगदान के साथ-साथ परिक्षेत्र में खेल की संस्कृति को विकसित करने में निभाई जा रही भूमिका उल्लेखनीय है l
समारोह में डीएवी विद्यालय के बच्चों द्वारा मनमोहक नृत्य,मधुर संगीत एवं शानदार बैंड का प्रदर्शन किया गया। धन्यवाद ज्ञापन स्टाफ अधिकारी मानव संसाधन ककरी ने दिया l