सिंगरौली। एनटीपीसी विंध्याचल में 27 फरवरी 2026 को प्रशासनिक भवन में संवाद सेतु प्रतिभागियों का एक प्रेरक संवाद सत्र आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता संजीव कुमार साहा, परियोजना प्रमुख(विंध्याचल) ने की। इस अवसर पर ए.जे. राजकुमार,महाप्रबंधक(प्रचालन एवं अनुरक्षण),एस.के.सिन्हा, महाप्रबंधक(प्रचालन एंड एफएम), डॉ.बी.के.बराली,महाप्रबंधक (चिकित्सा),श्रीमती रूमा दे शर्मा, मानव संसाधन प्रमुख (विंध्याचल) तथा श्रीमती मृणालिनी, अपर महाप्रबंधक(मानव संसाधन) की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी गणमान्य अतिथियों का स्वागत पौधों भेंट कर किया गया, जो विकास और संबंधों के पोषण का प्रतीक है।
कार्यक्रम की पृष्ठभूमि प्रस्तुत करते हुए श्रीमती रूमा दे शर्मा ने ‘संवाद सेतु’ कि रणनीतिक महत्ता पर प्रकाश डाला और बताया कि विंध्याचल को पैन-एनटीपीसी स्तर पर लागू होने से पूर्व इस संरचित मेंटरिंग पहल के पायलट स्टेशन के रूप में चुना गया है। मेंटर-मेंटी जोड़ों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि इस पहल से न केवल पेशेवर दक्षताओं में वृद्धि हुई है,बल्कि व्यक्तिगत विकास और आत्मविश्वास भी सुदृढ़ हुआ है।
अपने संबोधन में ए.जे.राजकुमार ने कहा कि इस प्रकार के संरचित मंचों में सुधार से सभी स्टेशनों को लाभ मिलेगा। संजीव कुमार साहा ने जोर देते हुए कहा कि यह पहल भविष्य में एक सशक्त और स्थायी मेंटरिंग ढांचे के रूप में विकसित होगी,जो एनटीपीसी की एचआर दर्शन ‘पीपल बिफ़ोर पीएलएफ’ में समाहित रहेगी। उन्होंने नेतृत्व स्तर से पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया तथा मेंटरिंग पोर्टल पर निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने पर बल दिया।
कार्यक्रम का कुशल संचालन श्रीमती कामना शर्मा,उप महाप्रबंधक(मानव संसाधन) ने किया। अंत में, ‘संवाद सेतु’ पोर्टल पर सर्वाधिक कनेक्ट पूर्ण करने वाले मेंटर-मेंटी जोड़ी के रूप में रणदीप यादव,उप महाप्रबंधक (सीएचपी) एवं चरण सिंह,सहायक प्रबंधक (सीएचपी) को सम्मानित किया गया। यह सम्मान अन्य प्रतिभागियों के लिए प्रेरणास्रोत बना।
यह आयोजन संवाद,सहयोग और सशक्त नेतृत्व की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हुआ।