सोनभद्र/अनपरा। पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देशन में आगामी त्योहार होली एवं पवित्र रमजान माह के मद्देनजर जनपद में शांति,सुरक्षा एवं सुदृढ़ कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अनिल कुमार एवं क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय के पर्यवेक्षण में थाना अनपरा पुलिस द्वारा सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया।
चेकिंग अभियान के दौरान ऐसे दोपहिया वाहन चालकों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की गई,जो वाहन पर तीन सवारी बैठाकर चल रहे थे,बिना नम्बर प्लेट वाहन संचालित कर रहे थे,तेज रफ्तार में बाइक चला रहे थे अथवा सार्वजनिक स्थानों पर स्टंटबाजी कर आमजन के जीवन को खतरे में डाल रहे थे। थाना अनपरा पुलिस द्वारा लगभग एक दर्जन मोटर साइकिलों को मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत सीज किया गया तथा संबंधित वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार चालान एवं वैधानिक कार्यवाही की गई। पुलिस द्वारा स्पष्ट किया गया है कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की अराजकता,लापरवाही या यातायात नियमों के उल्लंघन को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जनपद पुलिस द्वारा यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।