सोनभद्र।अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन,ऋषभ रुणवाल द्वारा अपराध शाखा,सोनभद्र का अर्दली रूम किया गया। अर्दली रूम के दौरान अपराध शाखा में प्रचलित विभिन्न महत्वपूर्ण विवेचनाओं, लंबित प्रकरणों एवं अन्य शाखागत कार्यों की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक द्वारा विवेचकों से प्रकरणवार जानकारी प्राप्त करते हुए विवेचनाओं की वर्तमान प्रगति,साक्ष्य संकलन, अभियुक्तों की गिरफ्तारी, लंबित कार्यवाहियों एवं विवेचना के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के संबंध में जानकारी ली गई। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी विवेचनाओं का निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा प्रत्येक प्रकरण में उपलब्ध साक्ष्यों का गहन परीक्षण करते हुए प्रभावी वैधानिक कार्यवाही की जाए।
अपर पुलिस अधीक्षक द्वारा लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण,वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी, न्यायालय संबंधी कार्यों के समयबद्ध निष्पादन एवं अभिलेखों के समुचित रखरखाव हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही अपराध नियंत्रण एवं अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर बल दिया गया।
उन्होंने कहा कि विवेचना की गुणवत्ता ही अभियोजन की सफलता का आधार है,इसलिए प्रत्येक विवेचक अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा एवं व्यावसायिक दक्षता के साथ करें,जिससे पीड़ितों को समयबद्ध न्याय मिल सके तथा अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी अभियोजन सुनिश्चित किया जा सके।
अर्दली रूम के दौरान अपराध शाखा के निरीक्षक कुमुद शेखर,निरीक्षक राजेश कुमार सिंह, निरीक्षक राजेश सरोज, निरीक्षक मनोज सिंह तथा आरक्षी घनश्याम गोड़ उपस्थित रहे।