वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वाराणसी पहुंच गए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नें एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया। पीएम मोदी मॉरीशस के प्रधानमंत्री नवीनचंद्र रामगुलाम के साथ ताज होटल में द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। इस दौरान एमओयू भी साइन हो सकता है। पीएम मोदी लगभग 4 घंटे वाराणसी में रहने के बाद रवाना हो जाएंगे।
ताज होटल में दोपहर 12 बजे होने वाली वार्ता में दोनों नेता द्विपक्षीय सहयोग के सभी पहलुओं की समीक्षा करेंगे। इसमें विकास साझेदारी और क्षमता निर्माण पर विशेष फोकस होगा। वे स्वास्थ्य, शिक्षा, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, ऊर्जा, बुनियादी ढांचे के साथ नवीकरणीय ऊर्जा, डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना और नीली अर्थव्यवस्था जैसे उभरते क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के अवसरों पर भी चर्चा करेंगे।
यह यात्रा मार्च 2025 में प्रधानमंत्री मोदी की मॉरीशस यात्रा से बने सकारात्मक माहौल पर आधारित है, जिस दौरान दोनों नेताओं नें द्विपक्षीय संबंधों को ‘मजबूत रणनीतिक साझेदारी’तक बढ़ाया था। भारत-मॉरीशस के बीच मजबूत होता यह सहयोग न केवल दोनों देशों के लोगों की समृद्धि के लिए बल्कि ग्लोबल साउथ की सामूहिक आकांक्षाओं के लिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
पुष्प वर्षा कर पीएम का स्वागत
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का वाराणसी में भव्य स्वागत किया जाएगा। पुलिस लाइन से ताज होटल तक पूरा मार्ग पर पुष्प वर्षा से पीएम का स्वागत किया जाएगा। वहीं जगह-जगह "हर हर महादेव" के उद्घोष के बीच प्रधानमंत्री का ग्रैंड वेलकम किया जाएगा। भारतीय जनता पार्टी की ओर से छह प्रमुख स्वागत प्वाइंट तय किए गए हैं,जहां हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं और आमजन की मौजूदगी रहेगी।