एनटीपीसी सिंगरौली में ईद-उल- फितर हर्षोल्लास,भाईचारे और सामुदायिक एकता के साथ मनाया गया

शक्तिनगर सोनभद्र। एनटीपीसी सिंगरौली,शक्तिनगर में इस वर्ष भी ईद-उल-फितर का पावन पर्व अत्यंत हर्षोल्लास,सौहार्द एवं आपसी भाईचारे के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित भव्य इफ्तार एवं ईद मिलन समारोह में एनटीपीसी कर्मचारियों, उनके परिवारजनों तथा आसपास के क्षेत्रों से आए बड़ी संख्या में लोगों की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने कार्यक्रम को एक जीवंत एवं यादगार स्वरूप प्रदान किया।
एनटीपीसी सिंगरौली द्वारा सभी के लिए इफ्तारी का विशेष एवं भव्य आयोजन किया गया,जहाँ उपस्थित सभी लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी और सामाजिक समरसता एवं भाईचारे का संदेश प्रसारित किया। पूरा वातावरण उल्लास,आत्मीयता और सांस्कृतिक एकता की भावना से ओतप्रोत रहा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सी.एच.किशोर कुमार, महाप्रबंधक प्रचालन एवं अनुरक्षण, एनटीपीसी सिंगरौली रहे। अपने प्रेरणादायी संबोधन में उन्होंने कहा कि ईद का यह पावन पर्व हमें प्रेम, त्याग,सेवा और भाईचारे का संदेश देता है। ऐसे आयोजन सामाजिक एकता को सुदृढ़ करने के साथ- साथ विभिन्न समुदायों के बीच आपसी विश्वास और सौहार्द को और मजबूत बनाते हैं। उन्होंने सभी को ईद की हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए सभी के सुख,शांति एवं समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर रश्मि रंजन मोहंती,महाप्रबंधक परियोजना ने अपने संबोधन में कहा कि एनटीपीसी सिंगरौली सदैव सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक विविधता को सम्मान देने की परंपरा का पालन करता रहा है। ऐसे आयोजन हमें एक सूत्र में पिरोते हैं और समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं।कार्यक्रम में मोहम्मद खालिदजुम्मा,अपर महाप्रबंधक एफ क्यू ए,एश एम सिद्दीकी, अपर महाप्रबंधक राख प्रबंधन,नरेश कुमार, उप महाप्रबंधक मानव संसाधन,सहित यूनियन एवं एसोसिएशन के मानद प्रतिनिधिगण,वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी एवं उनके परिवारजन तथा स्थानीय क्षेत्र के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी की सक्रिय सहभागिता ने कार्यक्रम को एक भव्य जन-उत्सव का रूप प्रदान किया। कार्यक्रम का सफल आयोजन एनटीपीसी सिंगरौली की ईद मिलन समिति द्वारा किया गया,जिसने आपसी सद्भाव,भाईचारे और सांस्कृतिक एकता का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। यह आयोजन न केवल एक पर्व के उत्सव तक सीमित रहा, बल्कि समाज में एकता में शक्ति के संदेश को सशक्त रूप से स्थापित करते हुए एनटीपीसी सिंगरौली की सामाजिक प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने