सोनभद्र। जनपद सोनभद्र में लगातार बढ़ते तापमान एवं भीषण गर्मी के चलते हीटवेव (लू) की स्थिति गंभीर होती जा रही है। मौसम विभाग द्वारा आगामी दिनों में तापमान में और वृद्धि की संभावना जताई गई है। पहाड़ी एवं गर्म जलवायु वाले जनपद सोनभद्र में लू का प्रभाव आमजन के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर डाल सकता है। इसे दृष्टिगत रखते हुए जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने समस्त जनपदवासियों से विशेष सतर्कता एवं सावधानी बरतने की अपील की है। जिलाधिकारी ने कहा कि अत्यधिक गर्मी एवं लू का प्रभाव विशेष रूप से बच्चों,बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं,श्रमिकों एवं बीमार व्यक्तियों पर अधिक पड़ता है। ऐसे में सभी नागरिक स्वयं एवं अपने परिवार के स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। उन्होंने बताया कि जनपद प्रशासन द्वारा हीटवेव से बचाव हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। स्वास्थ्य विभाग को पर्याप्त दवाओं,ओआरएस, प्राथमिक उपचार एवं चिकित्सकीय सुविधाएं उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं। नगर निकायों को पेयजल व्यवस्था सुचारु बनाए रखने तथा विद्युत विभाग को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया है। साथ ही श्रम विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों को व्यापक जनजागरूकता अभियान संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि दोपहर 12 बजे से अपराह्न 4 बजे तक अत्यधिक आवश्यक कार्य होने पर ही घर से बाहर निकलें। बाहर निकलते समय सिर को कपड़े,टोपी अथवा छाते से ढककर रखें तथा पर्याप्त मात्रा में पानी एवं अन्य तरल पदार्थों का सेवन करते रहें। हल्के रंग के सूती एवं ढीले कपड़े पहनें तथा निर्जलीकरण से बचने के लिए नियमित अंतराल पर पानी पीते रहें। उन्होंने कहा कि खेतों, निर्माण स्थलों एवं खुले स्थानों पर कार्य करने वाले श्रमिक समय-समय पर विश्राम अवश्य करें। बच्चों एवं बुजुर्गों को अनावश्यक रूप से धूप में बाहर न जाने दें। जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि यदि किसी व्यक्ति में चक्कर आना,उल्टी, तेज बुखार,अत्यधिक कमजोरी अथवा बेहोशी जैसे लक्षण दिखाई दें तो तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर संपर्क करें एवं चिकित्सकीय सहायता प्राप्त करें।
हीटवेव से बचाव हेतु क्या करेंः-पर्याप्त मात्रा में पानी एवं तरल पदार्थों का सेवन करें। धूप में निकलते समय सिर एवं शरीर को ढककर रखें। हल्के रंग के सूती एवं ढीले कपड़े पहनें। बच्चों, बुजुर्गों एवं बीमार व्यक्तियों का विशेष ध्यान रखें। घर एवं कार्यस्थल पर पर्याप्त वेंटिलेशन बनाए रखें।
क्या न करेंः-खाली पेट धूप में बाहर न निकलें। अत्यधिक धूप में लगातार कार्य न करें। बंद वाहनों में बच्चों अथवा पशुओं को अकेला न छोड़ें। अत्यधिक गर्म एवं मसालेदार भोजन का सेवन न करें।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने समस्त जनपदवासियों से अपील की कि हीटवेव को गंभीरता से लेते हुए सावधानी बरतें तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल संबंधित विभाग अथवा स्वास्थ्य सेवाओं से संपर्क करें। प्रशासन द्वारा जनहित में जारी दिशा-निर्देशों का पालन कर स्वयं एवं अपने परिवार को सुरक्षित रखें।