राजकीय शिक्षक संघ के प्रांतीय नेतृत्व ने एमएलसी उमेश द्विवेदी को सौंपा ज्ञापन,अपनी मांगो की उठाई आवाज

लखनऊ। राजकीय शिक्षक संघ, उत्तर प्रदेश के प्रांतीय अध्यक्ष अशोक कुमार गौतम एवं प्रांतीय महामंत्री डॉ.अशोक कुमार अवाक के नेतृत्व में संघ के उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने लखनऊ क्षेत्र के शिक्षक विधायक उमेश द्विवेदी से सौजन्य भेंट की। प्रतिनिधिमंडल ने सुदूर एवं विषम परिस्थितियों में सेवारत शिक्षक-शिक्षिकाओं की न्यायसंगत समस्याओं से अवगत कराते हुए,नियमानुसार स्वीकृत ४% विभागीय कोटे के अंतर्गत स्थानान्तरण की प्रक्रिया को शीघ्र ऑफ़लाइन माध्यम से निष्पादित कराने हेतु ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल के तर्कसंगत अनुरोध को गंभीरता से लेते हुए शिक्षक विधायक उमेश द्विवेदी ने अविलंब संज्ञान लिया और उत्तर प्रदेश की माध्यमिक शिक्षा मंत्री श्रीमती गुलाब देवी से दूरभाष पर सीधे विचार-विमर्श किया। वार्ता के दौरान माननीय शिक्षा मंत्री ने सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाते हुए आश्वस्त किया कि यदि इस नीतिगत विषय पर मुख्यमंत्री की ओर से सहमति अथवा संकेत प्राप्त होता है,तो माध्यमिक शिक्षा विभाग द्वारा प्राथमिकता के आधार पर समस्त अद्यतन पात्र अध्यापकों के स्थानान्तरण की प्रशासनिक कार्यवाही अविलंब प्रारंभ कर दी जाएगी।
विधायक उमेश द्विवेदी ने प्रतिनिधिमंडल को दृढतापूर्वक आश्वस्त किया कि आगामी दिनों में मुख्यमंत्री के साथ उनकी उच्चस्तरीय वार्ता प्रस्तावित है, जिसमें वे इस संवेदनशील एवं बहुप्रतीक्षित विषय को अत्यंत प्रखरता से रखेंगे। उन्होंने पूर्ण विश्वास व्यक्त किया कि शिक्षकों के इस न्यायसंगत एवं मानवीय प्रकरण में सकारात्मक परिणाम प्राप्त होना लगभग निश्चित है।
इस महत्वपूर्ण प्रतिनिधिमंडल में प्रांतीय नेतृत्व के साथ लखनऊ के जिलाध्यक्ष अखिलेश अवस्थी,मेरठ से नीतू कुमार,सोनभद्र से प्रतिभा देवी,गोंडा से नेहा जायसवाल, मिर्जापुर से दिनेश कुमार,भदोही से अरुण कुमार सिंह,कन्नौज से अर्चना यादव,बरेली से उषा सरोज, सिद्धार्थनगर से अर्चना एवं महाराजगंज से ज्योति वर्मा जैसे संघ के अनेक निष्ठवान शिक्षक साथी सम्मिलित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने