Sonbhadra News:फर्जी नम्बर प्लेट लगे कार से दो क्विंटल गांजा बरामद,पुलिस ने किया दो तस्करों को गिरफ्तार

पिपरी/सोनभद्र। जनपद में पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में ऑपरेशन शुद्धि के तहत मादक पदार्थों की तस्करी एवं अवैध कारोबार में संलिप्त अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में थाना पिपरी पुलिस टीम द्वारा दो अभियुक्तों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से दो क्विंटल 850 ग्राम अवैध गांजा, तस्करी में प्रयुक्त महिन्द्रा XUV वाहन एवं दो मोबाइल फोन बरामद किया गया। अभियुक्तों द्वारा पुलिस चेकिंग से बचने के उद्देश्य से वाहन पर फर्जी नम्बर प्लेट लगाई गई थी।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने प्रेसवार्ता में जानकारी देते हुए बताया कि 30 सितम्बर बुधवार को थाना पिपरी पुलिस द्वारा क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों एवं व्यक्तियों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान मुर्धवा-रनटोला मार्ग पर मुर्धवा से करीब दो किमी आगे एक महिन्द्रा XUV वाहन पुलिस टीम को देखकर पीछे मुड़कर भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस टीम द्वारा घेराबंदी कर उक्त वाहन को रोक लिया गया।
वाहन में सवार दोनों व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ एवं  वाहन की तलाशी के दौरान वाहन की पिछली सीट के नीचे एवं डिग्गी में प्लास्टिक टेप से पैक किए गए 195 पैकेटों में कुल दो क्विंटल 850 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। बरामदगी एवं गिरफ्तारी के आधार पर थाना पिपरी पर सुसंगत अभियोग पंजीकृत कर,अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ में प्रकाश में आया कि उन्हें ओडिशा से गांजा लाकर महोबा पहुंचाने के लिए कहा गया था,जिसके एवज में उन्हें 20 हजार-20 हज़ार प्रति चक्कर देने की बात कही गई थी। अभियुक्तों ने बताया कि इससे पूर्व भी वे एक-दो बार गांजा पहुंचा चुके हैं। अभियुक्तों के अनुसार वे 29 सितम्बर को ओडिशा से गांजा लेकर महोबा के लिए निकले थे। रास्ते में पुलिस चेकिंग देखकर उन्होंने वाहन को जंगल की ओर ले जाकर कुछ समय के लिए छिपा दिया था। पूछताछ में यह भी प्रकाश में आया कि पुलिस को भ्रमित करने के उद्देश्य से वाहन पर अलग-अलग नम्बर प्लेट का प्रयोग किया जा रहा था।
पूछताछ में प्रकाश में आए तथ्यों के आधार पर गांजा तस्करी से जुड़े अन्य व्यक्तियों एवं नेटवर्क के संबंध में जांच की जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण-उमेश अहिरवार पुत्र राम मनोहर अहिरवार,निवासी बजरंग चौक, गांधीनगर,थाना कोतवाली महोबा, जनपद महोबा,उम्र करीब 23 वर्ष।
महिपाल पाल पुत्र इन्द्रपाल पाल, निवासी कबरई,थाना कबरई,जनपद महोबा,उम्र करीब 23 वर्ष।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम-थानाध्यक्ष राजेश जी चौबे,थाना पिपरी,सोनभद्र।
उ0नि0 जितेन्द्र सरोज,थाना पिपरी,सोनभद्र सहित मय पुलिस टीम।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने