वाराणसी जोन के एडीजी ने किया नव निर्मित गेस्ट हाउस व आदेश कक्ष का लोकार्पण:172 चौकीदारों को बाटे साइकिल,प्रशिक्षु आरक्षियों से किया संवाद

सोनभद्र। आज 3 सितंबर को पीयूष मोर्डिया अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन का जनपद सोनभद्र में आगमन पर पुलिस लाइन चुर्क में सलामी गार्द द्वारा सलामी दी गयी। तत्पश्चात अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन पीयूष मोर्डिया द्वारा पुलिस लाइन चुर्क में नव निर्मित मछेन्द्र नाथ अतिथि गृह,नवीनीकृत आदेश कक्ष व कन्ट्रोल रुम का लोकार्पण किया गया। तदोपरान्त एडीजी व आईजी द्वारा अतिथि गृह परिसर मे वृक्षारोपण किया गया।
ग्राम प्रहरी साइकिल वितरण कार्यक्रम-पुलिस लाईन चुर्क में ग्राम चौकीदार के सम्मान हेतु ग्राम प्रहरी सम्मान समारोह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। आयोजित कार्यक्रम में पीयूष मोर्डिया,अपर पुलिस महानिदेशक,वाराणसी जोन आर.पी.सिंह,पुलिस महानिरीक्षक विंध्याचल परिक्षेत्र मिर्जापुर व अशोक कुमार मीणा,पुलिस अधीक्षक सोनभद्र द्वारा ग्राम प्रहरियों को कर्त्तव्य पालन हेतु जनपद के समस्त थाना क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों में कार्यरत 172 ग्राम चौकीदारों को साईकिल,छाता एवं टार्च का वितरण किया गया। अपर पुलिस महानिदेशक,वाराणसी जोन ने कहा कि चौकीदार हमारे पुलिस विभाग की सबसे प्रथम कड़ी हैं। पुलिस विभाग से ग्राम प्रहरियों को जोडने एवं प्रोत्साहन हेतु संवाद स्थापित कर उन्हें सम्मानित किया गया ताकि भविष्य में ग्रामीण क्षेत्र में घटित कोई भी छोटी से छोटी घटना की सूचना ग्राम प्रहरियों के माध्यम से जनपदीय पुलिस को तत्काल प्राप्त हो सके। जिससे जनपद में कानून एवं शान्ति व्यवस्था को और अधिक सुदृढ किया जा सके।
एडीजी द्वारा पुलिस लाइन चुर्क में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे आरक्षियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि पुलिस की वर्दी को पहनना गौरव की बात है। वर्दी सिर्फ एक पोशाक नहीं,बल्कि जिम्मेदारी,अनुशासन, और जनता की सेवा का प्रतीक है। आरक्षी पुलिस विभाग का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा है,जिसकी कार्यप्रणाली से पुलिस की सकारात्मक छवि देश,प्रदेश और समाज में प्रदर्शित होती है। एक आरक्षी के आचरण,भाषा, समयबद्धता और संवेदनशीलता से पुलिस की पूरी छवि बनती या बिगड़ती है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने