देवरिया। समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश में चल रहे मतदाता पुनरीक्षण कार्य के लिए राष्ट्रीय पदाधिकारियों को विभिन्न जिलों का SIR प्रभारी नियुक्त किया है। इसी क्रम में देवरिया जिले के रहने वाले सपा के राष्ट्रीय सचिव ओ.पी यादव को देवरिया और महाराजगंज जिलों का SIR प्रभारी बनाया गया है। यह नियुक्ति राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर की गई है। अपनी नियुक्ति पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए ओ.पी यादव ने सपा पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव के प्रति आभार व्यक्त किया है।
उन्होंने कहा कि यह जिम्मेदारी उन्हें पार्टी हित और लोकतंत्र की रक्षा के लिए सौंपी गई है। ओपी यादव ने जोर दिया कि उनका और उनकी टीम का मुख्य उद्देश्य गरीब जनता और आम मतदाताओं के मताधिकार की रक्षा करना होगा।
SIR प्रभारी के रूप में,ओ.पी यादव देवरिया और महाराजगंज जिलों में चल रहे मतदाता पुनरीक्षण कार्य की गहन निगरानी करेंगे। उनकी जिम्मेदारी होगी कि वे इस प्रक्रिया में आने वाली चुनौतियों और समस्याओं की पहचान करें,उनके समाधान का प्रयास करें,और एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को सौंपें।
यह नियुक्ति दर्शाती है कि समाजवादी पार्टी आगामी चुनावों से पहले मतदाता सूचियों को त्रुटिहीन और निष्पक्ष बनाए रखने के लिए गंभीर है। पार्टी का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना भी है कि उनके समर्थकों के नाम मतदाता सूची से न हटें। इसके लिए स्थानीय नेताओं पर भरोसा जताते हुए उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी जा रही हैं।