अनपरा/सोनभद्र। पुलिस अधीक्षक सोनभद्र के निर्देश में तथा क्षेत्राधिकारी/मिशन शक्ति नोडल अधिकारी के मार्गदर्शन में रविवार को थाना अनपरा में थाना प्रभारी अनपरा बृजेश सिंह के नेतृत्व में मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान मिशन शक्ति टीम द्वारा उपस्थित महिलाओं को महिला सुरक्षा,आत्मरक्षा, घरेलू हिंसा से बचाव, साइबर अपराधों से सतर्कता तथा शासन द्वारा संचालित विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी सरल, प्रभावी एवं संवादात्मक माध्यम से प्रदान की गई। महिलाओं को यह विश्वास दिलाया गया कि किसी भी प्रकार की समस्या अथवा उत्पीड़न की स्थिति में पुलिस द्वारा त्वरित एवं निष्पक्ष सहायता प्रदान की जाएगी। कार्यक्रम के उपरांत थाना क्षेत्र से आई गरीब,असहाय महिलाओं एवं बुजुर्गों को ठंड से राहत प्रदान करने के उद्देश्य से कंबल वितरण किया गया। इस अवसर पर पुलिस द्वारा सामाजिक संवेदनशीलता एवं मानवीय सरोकार का परिचय देते हुए जरूरतमंदों को सहयोग प्रदान किया गया। थाना अनपरा पुलिस द्वारा यह संदेश दिया गया कि मिशन शक्ति केवल एक अभियान नहीं,बल्कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण के प्रति पुलिस का सतत संकल्प है। थाना प्रभारी अनपरा बृजेश सिंह ने बताया कि सोनभद्र पुलिस द्वारा मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत भविष्य में भी इस प्रकार के जागरूकता एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे,ताकि समाज के प्रत्येक वर्ग को सुरक्षा एवं सहयोग का भरोसा मिल सके।
अनपरा में मिशन शक्ति अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन:पुलिस की मानवीय पहल, जरूरतमंदों को किए कंबल वितरण
byडी.डी.यादव,(प्रधान संपादक)
-
0