अनपरा/सोनभद्र। औड़ी-सिंगरौली तिराहे के समीप गुरुवार की रात्रि अज्ञात कारणों से एक दुकान व मकान में आग लग गई। दुकान में रखें नगदी सहित साढ़े तीन लाख रुपये समेत लगभग लाखो रुपये के उपकरण व घरेलू सामान जलकर खाक हो गया। दमकल वाहनों ने मौके पर पहुंच कर आग पर काबू पाया।
पीड़ित औड़ी मोड़ निवासी धर्मेंद्र प्रसाद गुप्ता ने बताया कि गुरुवार की रात्रि ढ़ाई बजे अज्ञात कारणों से आग लगी। घर में सो रहे स्वजन आग की लौं एवं धुएं की भयावहता से किसी तरह जान बचाकर बाहर भागे। मकान के आगे मेरे भाई पवन प्रसाद जनसेवा केंद्र संचालित करते थे। जो बैंक आफ इंडिया का (सीएससी) से जुड़कर लोगों का सरकारी कार्य व लेनदेन करते थे। दुकान में रखे गये साढ़े तीन लाख रुपया जलकर खाक हो गया है। आग की भयावहता इतनी तेज थी कि दुकान का शीट पिघल कर टूट गया। दुकान में रखी बाइक आग की चपेट में आकर तेज ध्वनि के साथ ब्लास्ट कर गई। मकान व दुकान की दीवारें क्रेक हो गई है। दुकान में रखे बाइक,कुर्सी,मेज, टेबल,काउंटर,इंवर्टर, बैट्री,प्रिंटर,लैपटाप, डेस्कटाप,एटीम मिनी मशीन,पीओएस मशीन, सीसीटीवी कैमरा,समस्त दस्तावेज समेत घर का टीवी,पंखा,इलेक्ट्रानिक उपकरण,आलमीरा एवं घर के सभी सदस्यों के महंगे कपडें जलकर खाक हो गया। मौके पर पहुंची अनपरा एवं रेणुसागर की दमकल वाहनों ने अथक प्रयास कर आग पर काबू पाया। सूचना पर पहुंचे राजस्व विभाग के कानूगों सुरेश चंद्र पांडेय ने आग से हुई क्षति का अवलोकन किया। इस घटना से पीड़ित परिवार पूर्णतया बेसहारा हो गया है।